आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने के मकसद से भाजपा का दो दिवसीय संगठनात्मक वर्कशॉप शुक्रवार को दिल्ली के पूसा में शुरू हुआ। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन प्रभारी शामिल हो रहे हैं। बैठक में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठन के कामकाज, पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष कर रहे हैं। इस सत्र में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। नवीन भी प्रतिभागियों को संबोधित कर सकते हैं। वर्कशॉप में संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं पर चर्चा की उम्मीद है, जिसका उद्देश्य पदाधिकारियों को संगठनात्मक नेटवर्क मजबूत करने की दिशा देना है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मौजूद भाजपा की महिला सांसदों और कार्यकर्ताओं से विशेष अपील की जाएगी कि वे पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में योगदान दें और विपक्षी दलों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए समन्वय बनाए रखें। नई टीम के कार्यभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के बीच यह दूसरी बातचीत होगी। इससे पहले 22 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की थी। यह भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की 65 सदस्यीय टीम की घोषणा के बाद उनकी पहली बैठक थी, जिसका ऐलान 17 अगस्त को किया गया था। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा था कि संगठनात्मक बैठकें पार्टी को मजबूत करने और लोगों से जुड़ाव बढ़ाने के लिए नए विचारों और नजरियों पर चर्चा का मंच होती हैं।
