मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को देवास में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में आवेदकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में आवेदक की समस्या के समाधान में उदासीनता और संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए।

आवेदिका सलोनी सिसोदिया की लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं मिलने और पर्यवेक्षक द्वारा फॉलोअप नहीं किए जाने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरेश मालवीय की नल जल योजना की शिकायत पर लापरवाही बरतने के कारण संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये पैनल्टी लगाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने सैनिक स्व. पवन यादव के परिवार को दस लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की और कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और सहयोग शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सैनिक के परिजनों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रकरण का आवश्यक परीक्षण करवाकर सैनिक को शहीद का दर्जा प्रदान करने पर विचार किया जा रहा है। वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की समस्या पर मुख्यमंत्री ने किसान को 50 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की और संबंधित अधिकारियों को भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करण देवड़ा, नीरज दुबे, कुमारी सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और आवेदक लाल सिंह पिता रतनलाल सहित अन्य आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।