कांग्रेस ने शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि ऐसा निर्णय इंडी गठबंधन की बैठक में लिया जाना चाहिए था। उन्होंने एनसीपी (एसपी) नेता जितेंद्र आव्हाड के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शरद पवार का राजनीतिक सफर हमेशा धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा रहा है।
बात करते हुए सावंत ने कहा कि एनसीपी (एसपी) का यह फैसला दबाव में लिया गया है या इसके पीछे कोई राजनीतिक रणनीति है, यह समय के साथ साफ हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विधेयक के पीछे सरकार की मंशा नेक नहीं है और इसका मकसद सत्ता पर पकड़ मजबूत करना है। उन्होंने नई जनगणना के बिना इस तरह की कवायद के औचित्य पर भी सवाल उठाया और कहा कि इसे 'जेरीमेंडरिंग' कहा जाता है।
यह घटनाक्रम एनसीपी (एसपी) नेता जितेंद्र आव्हाड के बयान के बाद सामने आया। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के बाहर, जहां शरद पवार भर्ती हैं, आव्हाड ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया एक संवैधानिक आवश्यकता है और पार्टी इसका समर्थन करेगी। इससे पहले पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने केंद्र के प्रस्ताव पर नरम रुख अपनाते हुए कहा था कि कानून की पूरी जानकारी सामने आने से पहले विरोध करना जल्दबाजी होगी।
सुले ने कहा था कि बिल को आने दिया जाए, हो सकता है इसमें कुछ अच्छा भी हो। उन्होंने कहा कि किसी विधेयक का विरोध सिर्फ इसलिए करना कि आप विपक्ष में हैं, या आंख मूंदकर समर्थन करना क्योंकि आप सत्ता में हैं, स्वस्थ लोकतंत्र के लिए गलत है। सुले ने बताया कि पिता शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वह शनिवार की इंडिया गठबंधन बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगी। एनसीपी (एसपी) ने अपने आठ लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी कर 30 नवंबर से सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
