राजस्थान के डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान एक असामान्य मामला सामने आया है। बत्ती कुमारी गुर्जर ने भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में तीन अलग-अलग नामांकन पत्र दाखिल किए। मामले के अनुसार, दोनों दलों ने उन्हें अपना चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिया। अंत में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद वह भाजपा के चुनाव चिह्न पर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं।

शुक्रवार को नामांकन के दौरान बत्ती कुमारी तीन बार उपखंड अधिकारी (एसडीओ) के कार्यालय पहुंचीं और हर बार उनका पहनावा अलग था। कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन के समय उन्होंने साड़ी और घूंघट रखा, भाजपा प्रत्याशी के रूप में सलवार-सूट पहना, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अलग रंग का सलवार-सूट और सिर पर दुपट्टा था। इस तरह उन्होंने तीनों बार अपनी पहचान छिपाई और निर्वाचन अधिकारी भी उन्हें पहचान नहीं सके। मामले में यह भी सामने आया कि तीनों नामांकन पत्रों पर उन्होंने अलग-अलग हस्ताक्षर किए थे तथा एक नामांकन में मायके का पता और अन्य दो में ससुराल का पता दर्ज कराया था।

बत्ती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के रूप में प्रदेश के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पूर्व विधायक वाजिब अली के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं। निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में तैनात कर्मचारी दूसरे क्षेत्र के निवासी थे, इसलिए वे उन्हें पहचान नहीं पाए। उन्होंने दोनों दलों के नेताओं को भी इस बात की भनक नहीं लगने दी कि तीनों नामांकन एक ही महिला ने दाखिल किए हैं। जांच से पहले ही उन्होंने दो नामांकन वापस ले लिए।

नाम वापसी के दौरान उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पहले कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन वापस लिया और इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन भी वापस ले लिया। इस तरह भाजपा प्रत्याशी के रूप में उनका एकमात्र नामांकन मैदान में रह गया और वह निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं। डीग जिले के एसडीओ ने मामले पर टिप्पणी करने से इन्कार करते हुए जांच कराने की बात कही है। राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। बेढ़म ने कहा कि राजनीति में सबकुछ संभव है।