भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ की पहली मानवरहित उड़ान (जी-1) की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि इस उड़ान को दिसंबर के अंत या जनवरी 2027 की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी है। श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड से होने वाली इस उड़ान में क्रू और सर्विस मॉड्यूल अंतरिक्ष में जाएंगे। मिशन का मुख्य उद्देश्य क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी का परीक्षण करना है। पहले चरण में ह्यूमेनॉइड रोबोट ‘व्योममित्र’ नहीं जाएगा, उसे दूसरी उड़ान में भेजा जाएगा।
मिशन को मानव-रेटेड एचएलवी-3 रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा, जो चंद्रयान-3 वाले रॉकेट का ही अपग्रेड रूप है। फिलहाल पूरे मॉड्यूल का ‘थर्मो-वैक’ परीक्षण चल रहा है, जिसमें अंतरिक्ष जैसी निर्वात स्थिति में उपकरणों की जांच हो रही है। इसरो ने क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल को अलग करने वाले सिस्टम की टेस्टिंग पूरी कर ली है। 16 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर में किए गए इन परीक्षणों के बाद इस सिस्टम के डिजाइन की क्षमता की पुष्टि हुई है।
वापसी के समय सर्विस मॉड्यूल को अलग करना जरूरी है, ताकि क्रू मॉड्यूल अपने हीट शील्ड के साथ वायुमंडल में प्रवेश कर सके। दोनों मॉड्यूल के बीच बिजली, संचार और पर्यावरण नियंत्रण से जुड़े कनेक्शन सेपरेशन के दौरान सही क्रम में टूटने चाहिए। वायुमंडल में दोबारा प्रवेश के दौरान क्रू मॉड्यूल को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा, इसके लिए थर्मल प्रोटेक्शन सिस्टम और हीट शील्ड जरूरी हैं। वापसी में पैराशूट अहम भूमिका निभाएंगे, जो मॉड्यूल की गति कम कर समुद्र में सुरक्षित रिकवरी में मदद करेंगे। समुद्र में उतरने के बाद मॉड्यूल को सही स्थिति में रखने के लिए क्रू मॉड्यूल अप-राइटिंग सिस्टम विकसित किया गया है। गगनयान में क्रू एस्केप सिस्टम भी है, जिसे उड़ान के दौरान गंभीर समस्या आने पर अंतरिक्ष यात्रियों वाले मॉड्यूल को रॉकेट से दूर ले जाने के लिए बनाया गया है।
पहली दो उड़ानें सफल रहने पर तीसरी उड़ान में मार्च 2028 तक भारतीय गगनयात्री अंतरिक्ष जाएंगे। इस मिशन के पूरा होते ही भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद अंतरिक्ष में इंसान भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा। गगनयान मिशन के तहत वायुसेना के तीन पायलट्स को 400 किमी के ऑर्बिट पर तीन दिन के लिए भेजने की योजना है, जिसके बाद हिंद महासागर में स्पेसक्राफ्ट की लैंडिंग कराई जाएगी। मिशन की लागत करीब 20,193 करोड़ रुपए है। वायुसेना के चार पायलट्स चुने गए हैं, जिनमें ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी शामिल हैं।
