गाजियाबाद में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए अब तक करीब एक लाख आवेदन मिल चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि आवेदनों की जांच के बाद पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए 17 नवंबर को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन किया गया था। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त नवदीप रिणवा ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की और अनुमान जताया कि लगभग दस लाख पात्र मतदाता सूची से बाहर हैं। उन्होंने इन सभी का नाम सूची में जोड़ने के निर्देश दिए।

अधिकारियों के मुताबिक अभी तक करीब एक लाख आवेदन ही मिले हैं, यानी करीब नौ लाख पात्र मतदाताओं की ओर से आवेदन अभी नहीं आए हैं। ऐसे में शत प्रतिशत मतदाताओं को सूची में जोड़ने का लक्ष्य अभी दूर है। ड्राफ्ट के प्रकाशन के बाद आपत्ति और दावे देने की समय सीमा 16 दिसंबर तक तय की गई है।

नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 17 से 30 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। इसी क्रम में 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और सुपरवाइजर मौजूद रहेंगे। जिन लोगों का बीएलओ से संपर्क नहीं हो सका है, वे मतदान केंद्र पर जाकर अपना नाम सूची में दर्ज करवा सकते हैं।

नाम जोड़ने के लिए फार्म संख्या छह, नाम कटवाने के लिए फार्म संख्या सात और नाम व पते में संशोधन के लिए फार्म संख्या आठ भरकर बीएलओ के पास जमा करना है।