महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के एक जंगल में कथित लूट की कोशिश के दौरान 35 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान वर्षा तुरकर के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरी-नवगांव की रहने वाली थी और पुणे एयरपोर्ट पर एक निजी एयरलाइन के टिकट काउंटर पर काम करती थी। वह दिवाली की छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी।

पुलिस को दिए बयान में वर्षा के साथ मौजूद उसके दोस्त नितेश अग्रवाल ने बताया कि दोनों शनिवार शाम करीब 4 बजे तिरोड़ा तहसील के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनी-बोंडरानी में वैनगंगा नदी के पास सागौन के जंगल में गए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट करने की कोशिश की। विरोध करने पर हमलावरों ने वर्षा के पेट में चाकू घोंप दिया। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अग्रवाल ने दावा किया है कि नकाबपोश लुटेरे करीब 40,000 रुपये कैश और सोने के गहने लेकर फरार हो गए। हालांकि जांच में वर्षा के गले की सोने की चेन सुरक्षित पाई गई, जिससे लूट की कहानी पर संदेह गहरा गया है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या यह वाकई लूटपाट का मामला था या हत्या के पीछे कोई और साजिश है।

दवनीवाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूछताछ के लिए नितेश अग्रवाल को हिरासत में लिया है। सबूत जुटाने के लिए मौके पर डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीमें भेजी गई हैं। पुलिस लूट के एंगल के साथ-साथ घटना के वक्त मौजूद दोस्त की भूमिका समेत हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।