गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेताओं के बीच तनातनी बढ़ गई है। भाजपा विधायक हार्दिक पटेल ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा कि उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए। इस पोस्ट पर उनके पूर्व सहयोगी और भाजपा नेता विपुल पटेल ने तीखा पलटवार किया है।

हार्दिक पटेल ने सूरत के पाटीदार नेता अल्पेश कथीरिया और धार्मिक मालवीया के साथ की एक तस्वीर पोस्ट कर यह बयान दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, कथीरिया और मालवीया ने भी हार्दिक की पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें इतिहास के हर पन्ने पर नाम लिखने का शौक नहीं है।

दूसरी ओर, विपुल पटेल ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर पोस्ट कर संदेश दिया कि अभी तो चिंगारी भड़की है और चूहे बिलबिलाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि इन चूहों के लिए सभी दरवाजे बंद होने वाले हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2015 में हुए पाटीदार आरक्षण आंदोलन के दौरान हार्दिक पटेल, दिनेश बामणिया, विपुल पटेल, अल्पेश कथीरिया, धार्मिक मालवीया और अतुल पटेल सहित कई पाटीदार युवा नेता साथ मिलकर आंदोलन में शामिल थे। आंदोलन के बाद ये नेता अलग-अलग राजनीतिक दलों और संस्थाओं से जुड़ गए। अब आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इन नेताओं के बीच बहस छिड़ गई है।