कुशीनगर के हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर मथौली नगर पंचायत कार्यालय के सामने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के काफिले में शामिल तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। सूत्रों के अनुसार इस हादसे में पुलिस स्कॉर्ट समेत तीनों वाहन मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि चौधरी और उनके साथ विभिन्न वाहनों में चल रहे सहयोगी बाल-बाल बच गए।

इससे पहले दिन में चौधरी ने ‘एक्स’ पर कुशीनगर सदर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों के साथ हुई एक बैठक की जानकारी पोस्ट की थी। हाटा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 का विधानसभा चुनाव प्रचंड बहुमत से जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा विचारधारा और संगठन के आधार पर चलने वाली पार्टी है।

चौधरी ने प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे का विस्तार और निवेश के अनुकूल माहौल को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार से देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।