जबलपुर में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की एकलपीठ ने कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी नटराजन की राज्यसभा चुनाव याचिका पर सुनवाई की। न्यायमूर्ति बीपी शर्मा की पीठ ने निर्वाचित तीन राज्यसभा सदस्यों तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट पर जवाब पेश करने में देरी के कारण एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। कोर्ट ने तीनों को जवाब दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का अंतिम अवसर दिया है और मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को निर्धारित की है।
याचिका में राज्यसभा सदस्य महेश केवट के निर्वाचन को चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ता मीनाक्षी नटराजन ने अपना नामांकन निरस्त किए जाने को भी अनुचित बताया है। उनका आरोप है कि तेलंगाना में लंबित एक कथित आपराधिक परिवाद की जानकारी छिपाने के आधार पर निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन निरस्त किया था। इस मामले में तेलंगाना की जिला अदालत से उन्हें नोटिस जारी हुए थे।
उल्लेखनीय है कि पिछली सुनवाई में एकलपीठ ने तीनों निर्वाचित सांसदों को जवाब पेश करने का अंतिम अवसर देते हुए स्पष्ट किया था कि ऐसा नहीं करने पर लिखित जवाब देने का अधिकार समाप्त कर दिया जाएगा। शुक्रवार को सांसदों की ओर से अधिवक्ताओं ने जवाब के लिए और समय मांगा, जिसे जुर्माने के साथ स्वीकार कर लिया गया।
व्यक्तिगत रूप से पक्षकार बनाए गए विधानसभा के प्रमुख सचिव और रिटर्निंग आफिसर अरविंद शर्मा ने भी जवाब के लिए समय मांगा। एकलपीठ ने निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नाम अनावेदकों की सूची से हटाने के निर्देश भी दिए।
