ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन तीन दिन के भारत दौरे पर सोमवार को मुंबई पहुंचे। दोनों का स्वागत सचिन तेंदुलकर ने किया। शाही कपल ने मुंबई के बल्लार्ड एस्टेट में गली क्रिकेट खेला, जिसमें सचिन तेंदुलकर ने फील्डिंग की। दोनों ने चाय की टपरी पर कुल्हड़ में गरमागरम चाय भी पी। सोशल मीडिया पर उनका यह अंदाज काफी वायरल हो रहा है।

यह शाही कपल का दूसरा आधिकारिक भारत दौरा है। इससे पहले दोनों अप्रैल 2016 में भारत आए थे। यह दौरा केट मिडलटन के लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि कैंसर का इलाज शुरू होने के बाद यह उनकी सबसे बड़ी विदेश यात्राओं में से एक है।

दौरे का मुख्य मकसद मंगलवार (17 नवंबर) को होने वाला छठा 'अर्थशॉट अवॉर्ड' समारोह है। यह अवॉर्ड प्रिंस विलियम ने साल 2020 में शुरू किया था, जिसका उद्देश्य क्लाइमेट चेंज से निपटने के लिए नए और बेहतर उपायों को बढ़ावा देना है। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, इस अवॉर्ड के तहत पांच विजेताओं को 10-10 लाख पाउंड (करीब 12.4 करोड़ रुपये) दिए जाते हैं। ब्रिटिश हाई कमीशन के अनुसार, विजेताओं का चयन क्लाइमेट चेंज, वायु प्रदूषण, कचरे की समस्या, समुद्रों के संरक्षण और घटती प्रजातियों जैसी पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए किए गए काम के आधार पर होता है। अधिकारियों के मुताबिक, इस पुरस्कार के शुरू होने के बाद से भारत ने किसी भी दूसरे देश के मुकाबले सबसे ज्यादा विजेता और अंतिम सूची में जगह बनाने वाले लोग दिए हैं। समारोह में सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री आलिया भट्ट, अभिनेता रामी मालेक और ब्रिटिश म्यूजिक बैंड 'टेक दैट' भी शामिल होंगे। यह बैंड पहली बार भारत में प्रस्तुति देगा।

प्रिंस विलियम और केट मिडलटन बुधवार, 18 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। 'संडे टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम तय होने के बाद रविवार (15 नवंबर) को दिल्ली दौरे को अंतिम रूप दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार (17 नवंबर) को आसियान सम्मेलन में शामिल होने के बाद फिलीपींस से भारत लौटेंगे। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, शाही कपल करीब 10 साल पहले अपने पिछले भारत दौरे के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी से मिला था।