जयपुर: राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव नतीजों में ग्रामीण राजनीति के कई बड़े उलटफेर देखने को मिले। कई जगह बहुमत के बावजूद सियासी गणित बदला, तो कहीं हंगामे, पथराव और आरोप-प्रत्यारोप के बीच नतीजे सामने आए।
इन चुनावों में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाई। वहीं भाजपा, रालोपा, भारत आदिवासी पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अहम सीटों पर कब्जा जमाया।
जारी सूची के अनुसार अजमेर जिले की अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति से बीना मेघवंशी (भाजपा), अरायण से गुलाब देवी (कांग्रेस) और बड़ल्या से श्रवण सिंह रावत (भाजपा) विजयी हुए। अलवर जिले की गोविंदगढ़ पंचायत समिति से अंजुम खान (कांग्रेस) और लक्ष्मणगढ़ से दीपिका (भाजपा) ने जीत दर्ज की।
बालोतरा जिले की गिरा पंचायत समिति से पनी चौधरी (रालोपा) और बांसवाड़ा जिले की आनंदपुरी पंचायत समिति से प्रमिला कुमारी बामनिया (भारत आदिवासी पार्टी) विजयी हुईं। बांसवाड़ा की अर्थूना पंचायत समिति से करुणेश कुमार चरपोटा निर्दलीय जीते। बाड़मेर की बाड़मेर पंचायत समिति से रतन सिंह निर्दलीय और बाड़मेर ग्रामीण से सरोज चौधरी (रालोपा) ने जीत हासिल की।
