भारत में छठी पीढ़ी का फाइटर जेट तैयार किया जा रहा है। नेशनल सिक्योरिटी समिट में वायुसेना अधिकारियों की मौजूदगी में डिफेंस कंपनी रेफी एमफाइबर के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने सोमवार को देश को छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान देने का ऐलान किया। कंपनी के सूत्र के मुताबिक विमान छठी पीढ़ी के तमाम मानकों पर खरा उतरता है और कई मामलों में यह अमेरिका के एफ-35 लड़ाकू विमान के पैरामीटर्स से भी आगे है। इसकी पहली उड़ान 2030 तक संभव बताई जा रही है।

तकनीक और लड़ाई के तरीकों के आधार पर फाइटर जेट्स को अलग-अलग पीढ़ियों में बांटा गया है। फिलहाल देश का आधिकारिक स्वदेशी स्टेल्थ फाइटर कार्यक्रम पांचवीं पीढ़ी का एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है, जबकि छठी पीढ़ी के फाइटर जेट की पटकथा प्राइवेट सेक्टर लिख रहा है।

कंपनी के अनुसार इस फाइटर जेट को बनाते समय वायुसेना की जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है और 12 देशों के विमान इंजीनियर इससे जुड़े हैं। कंपनी का दावा है कि उसने दुनिया में सर्वाधिक पेटेंट दायर किए हैं। एयरक्राफ्ट डिजाइन और निर्माण के लिए 10 करोड़ डॉलर का फंड जुटाया गया है। ड्रोन में विशेषज्ञता के साथ कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में 7 लाख वर्ग फुट में अपनी फेसिलिटी भी तैयार की है।

इस बीच, रक्षा मंत्रालय पांचवीं पीढ़ी के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) के विकास के लिए इसी महीने तीन औद्योगिक गठबंधनों में से एक का चयन करेगा। इनमें एलएंडटी, भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के गठबंधन शामिल हैं। चुना गया गठबंधन एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के साथ मिलकर परियोजना पर काम करेगा।