केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद इसे संसद में पेश किए जाने की तैयारी है। सरकार को भरोसा है कि बिल सदन से पारित हो जाएगा। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि शरद पवार ने कांग्रेस नेतृत्व को फोन करके बताया कि एनसीपी-एसपी को एकजुट रखने के लिए बिल को समर्थन देना जरूरी हो गया है। एनसीपी-एसपी अभी विपक्षी गठबंधन इंडिया अलायंस का हिस्सा है। पिछले अप्रैल में जब यह बिल संसद से पारित नहीं हो सका था, तब पार्टी विपक्ष के साथ थी। हाल के समय में शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने रुख में बदलाव के संकेत दिए थे। उनका कहना है कि बिल पेश होने पर मसौदा पढ़ने के बाद ही समर्थन पर फैसला होगा। पार्टी नेता जितेंद्र आह्वाड ने शरद पवार से अस्पताल में मुलाकात के बाद कहा था कि उनकी पार्टी बिल को समर्थन देने जा रही है, हालांकि इसके तुरंत बाद सुप्रिया सुले ने सफाई दी कि मसौदा देखने के बाद ही फैसला होगा।
इस बीच डीएमके ने भी इंडिया अलायंस की चिंता बढ़ा दी है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद टीवीके और कांग्रेस के सरकार बनाने से डीएमके नाराज हो गई और उसने गठबंधन से दूरी बना ली। अब सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि स्टालिन की पार्टी डिलिमिटेशन बिल को समर्थन दे सकती है, हालांकि इसका आधिकारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है। डीएमके हर राज्य में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने की मांग कर रही है, जिसे मोदी सरकार ने मान लिया है। शुक्रवार की केंद्रीय कैबिनेट बैठक में बिल को मंजूरी दे दी गई है और इसमें संशोधन करके लिखित रूप में कहा गया है कि हर राज्य में 50 फीसदी सीटों में इजाफा होगा।
