परिसीमन विधेयक पर शरद पवार की पार्टी NCP(SP) ने समर्थन का ऐलान किया है। पार्टी नेता जितेंद्र अव्हाड ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार परिसीमन किया जाना है और सुप्रिया सुले तथा सांसदों ने फैसला लिया है कि पार्टी इसका समर्थन करेगी। इससे एक दिन पहले गुरुवार (26 नवंबर) को सुप्रिया सुले ने कहा था कि अगर प्रस्तावित परिसीमन विधेयक राष्ट्रहित में होगा तो उनकी पार्टी इसका समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी कहा था कि इंडिया गठबंधन इस बात पर विचार-विमर्श करेगा कि प्रस्तावित प्रक्रिया देश, लोकतंत्र और नागरिकों के लिए लाभकारी है या नहीं। लेकिन एक दिन बाद ही पार्टी ने इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले आधिकारिक तौर पर समर्थन का ऐलान कर दिया।

NCP (शरद पवार) के लोकसभा में आठ सांसद हैं, जबकि राज्यसभा में सिर्फ एक सांसद हैं। लोकसभा में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को कुल दो तिहाई सांसदों का साथ चाहिए। 543 सदस्यों वाली लोकसभा, जिसमें तीन स्थान रिक्त हैं, में यह आंकड़ा 360 है। पीएम मोदी की अगुवाई वाले NDA के पास पहले से 320 सांसद हैं। शिरोमणि अकाली दल के NDA में शामिल होने के बाद यह आंकड़ा 321 हो गया है। शरद पवार की पार्टी के साथ आने से लोकसभा में यह आंकड़ा 329 तक पहुंच गया है।

सरकार को उम्मीद है कि तमिलनाडु की विपक्षी पार्टी DMK, जो कभी कांग्रेस के साथ थी, भी केंद्र सरकार का समर्थन कर सकती है। हालांकि पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहकर केंद्र सरकार की चिंता बढ़ा दी है कि परिसीमन पर उसका रुख नहीं बदला है। फिर भी DMK पर संशय बरकरार है क्योंकि यह दल कांग्रेस से नाराज बताया जाता है। DMK के लोकसभा में 22 सांदद हैं और सरकार ने उससे भी संपर्क शुरू कर दिया है। अगर DMK परिसीमन बिल पर सरकार का साथ देती है तो पक्ष में आंकड़ा 351 तक पहुंच जाएगा। सरकार की नजर आंध्र प्रदेश की विपक्षी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की YSRCP पर भी है, जिसके लोकसभा में चार सांसद हैं।

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के बाद जगनमोहन रेड्डी ने कांग्रेस और गांधी परिवार की आलोचना की थी। माना जा रहा है कि भाजपा इसी संवेदना का फायदा उठाकर YSRCP को अपने पाले में कर रही है। ऐसा होने पर NDA का आंकड़ा लोकसभा में 355 तक पहुंच सकता है, जो दो तिहाई के आंकड़े से मात्र पांच कम है। इसके अलावा भाजपा की नजर एक-एक सांसद वाले तीन दलों और तीन निर्दलीय सांसदों पर भी है। अगर ये छह साथ आते हैं तो लोकसभा में 361 का आंकड़ा पूरा हो जाता है। सूत्रों के मुताबिक, झारखंड की सत्ताधारी JMM पर भी नजरें टिकाई गई हैं, जिनके लोकसभा में तीन सांसद हैं।