मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड स्वयंसेवकों और उनके परिवारों के लिए 'मुख्यमंत्री होमगार्ड्स कैशलेस चिकित्सा योजना' शुरू की है। इसके तहत लगभग 65 हजार परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज आयुष्मान भारत की तर्ज पर मिलेगा।

होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि योजना के तहत प्रति परिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा करीब 65 हजार परिवारों को मिलेगी। इसके लिए स्टेट एजेंसी फार कांप्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) के माध्यम से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत राजकीय अस्पतालों और साचीज से संबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज कराया जा सकेगा।

योजना का लाभ होमगार्ड स्वयंसेवकों और अवैतनिक अधिकारियों को केवल सेवाकाल के दौरान ही मिलेगा। सेवा समाप्त होने के बाद वे इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे और उन्हें जारी आयुष्मान कार्ड भी निरस्त कर दिया जाएगा। इससे प्रदेश के होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक राहत मिलेगी।