आजाद समाज पार्टी प्रमुख और नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े होने के दावे पर संगठन ने चुप्पी तोड़ते हुए खंडन किया है। ABVP ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का उससे कभी कोई संबंध नहीं रहा और न ही वे कभी कार्यकर्ता रहे। संगठन ने यह दावा करने वाली पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी पर कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप पत्रकारिता करने और राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया।
ABVP ने बयान जारी कर कहा कि स्वाति चतुर्वेदी द्वारा एक व्यक्ति को संगठन से जोड़कर प्रस्तुत करना पूरी तरह निराधार है। बयान में कहा गया कि बिना किसी तथ्यात्मक आधार के किसी व्यक्ति को संगठन से जोड़कर उसके आधार पर ABVP की छवि प्रभावित करने का प्रयास भ्रामक नैरेटिव खड़ा करने जैसा है। संगठन ने आरोप लगाया कि चतुर्वेदी कांग्रेस के दौर में सक्रिय रहीं और कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप पत्रकारिता करती हैं।
एक न्यूज चैनल पर स्वाति चतुर्वेदी ने कहा था कि चंद्रशेखर आजाद पहले ABVP से जुड़े थे और भाजपा दलित वोट कटवाने के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है। यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हाल ही में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन किया है, जिसके बाद अखिलेश यादव ने कहा था कि इनकी डोर भाजपा के हाथ में है।
ABVP से जुड़े होने की बात पर चंद्रशेखर आजाद ने भी एक न्यूज चैनल पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि अगर कोई यह बात साबित कर दे तो वे राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि वे छात्र राजनीति से जुड़े रहे थे, लेकिन ABVP से उनका कभी कोई संबंध नहीं रहा। इधर, चंद्रशेखर आजाद ने विधानसभा प्रभारियों की तीसरी सूची जारी की है, जिसमें 34 लोगों के नाम शामिल हैं। इस सूची में सभी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय से आते हैं।
