किश्तवाड़ में दो स्पेशल फोर्स ऑफिसर्स (SPO) रशपाल कुमार और बाबी चंद की मौत के मामले में कांग्रेस ने सेना पर आरोप लगाया है। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा ने कहा कि दोनों SPO सादी कपड़ों में शिकार पर गए थे और सेना ने उन्हें आतंकी समझकर गोली मार दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं, नेता विपक्ष और भाजपा विधायक सुनील शर्मा ने कांग्रेस पर आतंकियों को क्लीनचिट देने की साजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बलिदानियों को शिकारी बताकर उनके बलिदान और परिवार की भावनाओं का अपमान किया जा रहा है।

दोनों SPO के शव 11 नवंबर को देहरना और कियार गांव के बीच मिले थे। सेना का कहना था कि दोनों की तैनाती SOG के साथ थी और वे मड़वा के धरना पोस्ट जा रहे थे, जहां आतंकियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी और हथियार भी लूट लिए। पुलिस ने तीन आतंकियों के पोस्टर जारी कर उनकी गिरफ्तारी पर 30 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।

भाजपा विधायक शगुन परिहार ने आरोप लगाया था कि दोनों पुलिसकर्मियों के शव बिना ताबूत के डंपर में रखकर उनके गांव लाए गए, जो शहीदों का अपमान है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में वह शव लाने के तरीके पर पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाती दिख रही हैं। कांग्रेस ने भी यही आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीणों को खुद स्ट्रेचर और सफेद कपड़े का इंतजाम करना पड़ा। शुक्रवार को रशपाल सिंह और बॉबी चंद का उनके पैतृक गांव डच्छन के केयार में अंतिम संस्कार किया गया।