क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप ने पांच विकेट लिए। पहले दिन उन्होंने कप्तान टॉम लाथम और रचिन रविंद्र को आउट किया, जबकि दूसरे दिन नाथन स्मिथ को अपना शिकार बनाया। इसके बाद काइल जेमीसन भी आकाश दीप की गेंद पर पवेलियन लौटे।
काइल जेमीसन को आउट करने के बाद अगली ही गेंद पर आकाश दीप के पास पांच विकेट पूरे करने का मौका था। मैट हेनरी के बल्ले का किनारा लेकर गेंद गली की ओर गई, जहां फील्डिंग कर रहे देवदत्त पडिक्कल के हाथ से कैच छूट गया। इसके बाद गुरनूर बरार ने भी आकाश दीप की गेंद पर मैट हेनरी का आसान कैच छोड़ा।
29 वर्षीय आकाश दीप ने आखिर में मैट हेनरी को आउट करके अपना पांच विकेट पूरा किया। 117वें ओवर में हेनरी ने पहली दो गेंदों पर दो चौके मारे, लेकिन तीसरी गेंद उनके बल्ले में लगकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथ में चली गई। यह टेस्ट में आकाश दीप का दूसरा पांच विकेट हॉल है। इस विकेट के साथ न्यूजीलैंड की पारी 356 रनों पर सिमट गई। आकाश दीप ने 31.3 ओवर में 99 रन देकर 5 विकेट झटके।
आकाश दीप न्यूजीलैंड में पांच विकेट हॉल लेने वाले पांचवें भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले मदन लाल, जवागल श्रीनाथ, जहीर खान और ईशांत शर्मा न्यूजीलैंड में यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। जहीर खान ने चार और ईशांत शर्मा ने तीन बार वहां पांच विकेट लिए हैं।
