क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया है कि 2018 के चर्चित सैंडपेपरगेट मामले की समीक्षा के लिए गठित फोरम किसी खिलाड़ी या कोच को दंडित नहीं करेगा। यह मामला इस महीने की शुरुआत में पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा के प्रकाशन के बाद फिर चर्चा में आया है। ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में दावा किया था कि पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ की साजिश का पता था, जबकि केवल तीन खिलाड़ियों स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्राफ्ट को बलि का बकरा बनाया गया। मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने ख्वाजा के इस आरोप को पूरी तरह बकवास बताकर खारिज कर दिया है।
सीए के अनुसार, 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गए खिलाड़ियों, कोच और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के लिए अपनी बात रखने हेतु एक स्वतंत्र मंच खोला गया है, जो छह सप्ताह तक चलेगा। सीनियर वकील फियोना मैकलोयड को इस फोरम का प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह प्राप्त जानकारी और बयानों के आधार पर रिपोर्ट और सिफारिशें सौंपेंगी, जिस पर सीए को 30 दिन के भीतर जवाब देना होगा।
सीए ने यह भी कहा कि यह फोरम कोई अनुशासनात्मक प्रक्रिया या न्यायिक सुनवाई नहीं है। यह किसी व्यक्ति के बारे में प्रतिकूल निष्कर्ष नहीं निकालेगा, न किसी की जिम्मेदारी तय करेगा, न पहले से लगाए गए प्रतिबंधों पर पुनर्विचार करेगा और न ही किसी तरह की सजा की सिफारिश करेगा।
