केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि अंतरराष्ट्रीय मंचों से भारत को बदनाम करके कभी सत्ता नहीं मिलेगी। शाह ने यह बात हैदराबाद में हुई कांग्रेस की भारत समिट को लेकर कही। उन्होंने पुणे के एक कार्यक्रम में कहा कि राहुल गांधी ने देश को बदनाम किया है और अगर उन्हें जीतना है तो विदेश जाना छोड़कर गांवों में जाना शुरू करना चाहिए।

शाह ने कहा कि पूरा देश चाहता है कि राहुल गांधी जमीन पर आएं और गांवों में जाएं, लेकिन उन्हें मालूम है कि वे थोड़े दिन में फिर विदेश चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह सत्ता की आकांक्षा पूरी नहीं होगी।

हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2026 का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस ने देश भर में वामपंथी विचारधारा के प्रचारकों को बुलाया और राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत विरोधी विचार बोलकर दुनिया में देश को बदनाम करने का काम किया। उन्होंने कहा कि 10 साल के कार्यकाल में 12 लाख करोड़ के घोटाले हुए, जिसके बाद जनता ने कांग्रेस को दिल्ली की सरकार से बाहर कर दिया।

गृह मंत्री ने कहा कि कृषि, उद्योग, चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर पहुंचने, स्टार्टअप इकोसिस्टम, रेलवे के पुनरुद्धार, 76 से 150 एयरपोर्ट बनाने, मेट्रो नेटवर्क, नई शिक्षा नीति और सहकारिता मंत्रालय जैसे काम पिछले 12 साल में हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया जिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा कर रही है, राहुल गांधी उन्हें और भारत की विकास यात्रा को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। शाह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर वे इसी दिशा में आगे चले तो अगले 30 साल तक उनका नंबर नहीं लगेगा।