कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में शनिवार रात बर्फबारी हुई, जिससे रविवार को मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में अगले दो दिन बर्फबारी की संभावना है। दिल्ली और राजस्थान में हल्की बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। दिल्ली के अलावा 10 जिलों में बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश के 19 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। अनूपपुर के अमरकंटक में सबसे कम 10.7 डिग्री तापमान रहा। मौसम केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवातीय तूफान के कारण 20 नवंबर के बाद प्रदेश में बारिश का एक दौर आ सकता है।

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान बन सकता है। चक्रवात बनने पर इसका नाम 'अकवान' रखा जाएगा, जो ईरान ने सुझाया है। यह एक महीने में बंगाल की खाड़ी से उठने वाला तीसरा तूफान होगा।

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से शनिवार को हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को बीकानेर सहित जयपुर संभाग के 10 जिलों में बादल छाने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से नीचे है, सरगुजा में सबसे कम 11.4 डिग्री दर्ज किया गया।

यूपी में पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं से ठंड बढ़ गई है। रविवार को लखनऊ, कानपुर, संभल, शामली, मऊ, बाराबंकी और उन्नाव समेत 15 शहरों में सुबह कोहरा रहा। पंजाब के चार जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि जालंधर में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई।