श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर पर शारजाह से आए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक 17 नवंबर की रात इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-1428 से पहुंचे इन यात्रियों की इमिग्रेशन जांच के दौरान शक हुआ। दोनों से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है, लेकिन शक के आधार पर उनके सामान की जांच की गई।

जांच में दोनों यात्रियों के मोबाइल फोन और एक डायरी जब्त की गई। कस्टम विभाग के अनुसार फोन में कुछ संदिग्ध वीडियो मिले हैं। विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन वीडियो में क्या संदिग्ध था, लेकिन इनके नशे से जुड़े होने की जानकारी मिली है। वहीं बैग से मिली डायरी में कुछ हिसाब-किताब लिखा पाया गया।

इसके बाद कस्टम विभाग ने दोनों संदिग्धों की शुरुआती पूछताछ शुरू की और उन्हें फोन व डायरी सहित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के हवाले कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार दोनों यात्री फरीदकोट और लुधियाना के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उनकी उम्र करीब 25-26 साल है।

इमिग्रेशन और कस्टम अधिकारियों ने दोनों यात्रियों को फोन और डायरी सहित NCB को सौंप दिया है। मामले की आगे की जांच एनसीबी कर रही है।