अभिनेता अरशद वारसी अपने करियर की पांचवीं वेब सीरीज में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सस्पेंस थ्रिलर सीरीज 'विक्टिम्स' होगी, जिसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। सिनेमाई गलियारों की खबरों के अनुसार अरशद इस शो में मुख्य भूमिका निभाएंगे।

बताया जा रहा है कि इस सीरीज में अरशद के साथ अभिनेता करण टैकर और अभिनेत्री रसिका दुग्गल भी अहम भूमिकाओं में होंगे। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत बन रही इस सीरीज का निर्देशन मिहिर देसाई कर रहे हैं। मिहिर इससे पहले वेब सीरीज शोटाइम का निर्देशन कर चुके हैं और मिर्जापुर के सह-निर्देशक भी रहे हैं।

अमेजन प्राइम वीडियो के लिए बन रही इस सीरीज की शूटिंग फिलहाल ब्रिटेन में चल रही है, जहां मिहिर अरशद और बाकी कलाकारों के साथ शूटिंग कर रहे हैं। शो की कहानी और बाकी कलाकारों के बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि अरशद ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर असुर, मॉडर्न लव मुंबई, द बैड्स ऑफ बॉलीवुड और प्रीतम एंड पेड्रो जैसी वेब सीरीज में अपने पर्दे की लोकप्रिय छवि से अलग भूमिकाएं निभाई हैं। उनकी वेब सीरीज असुर का तीसरा सीजन भी मेकर्स की ओर से घोषित किया जा चुका है। इसके अलावा शाह रुख खान की आगामी फिल्म किंग में अरशद कैमियो रोल में नजर आएंगे।