मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर बीते महीने देशभर में प्रदर्शन हुए। इन प्रदर्शनों के दौरान CPI (ML) की छात्र संघ आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा काफी चर्चा में रहीं। सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ हुई और पीस बॉन्ड वाले मामले में भी उन्होंने बाजी मारी। अब नेहा बोरा को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में CJP के सह संयोजक आशुतोष रांका ने कहा है कि वे किसी से प्रतियोगिता करने नहीं बैठे हैं।

दरअसल आशुतोष रांका हाल ही में वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम के साथ एक इंटरव्यू में नजर आए। यहां उनसे पीस बॉन्ड को लेकर सवाल पूछा गया कि क्या कॉकरोच जनता पार्टी ने पुलिस की शर्तों के मुताबिक बॉन्ड साइन कर कदम पीछे खींच लिए हैं, क्योंकि नेहा बोरा ने तो ऐसा नहीं किया। इस पर अभिजीत दीपके के साथी आशुतोष रांका थोड़े नाराज नजर आए।

आशुतोष रांका ने कहा कि वे किसी से कम्पीट करने नहीं बैठे हैं। उन्होंने कहा, “नेहा बोरा बहुत ही शानदार व्यक्तित्व हैं। बहुत ही हिम्मत वाली हैं। मैंने खुद भी उनसे बहुत कुछ सीखा है। लेकिन उनकी परिस्थिति अलग है। उनका बैकग्राउंड है। उनका जिस ऑर्गेनाइजेशन से एफिलिएशन है वो अलग है।” उन्होंने कहा कि सीजेपी अपनी अलग रणनीति से चलती है और तुलना करना सही नहीं होता। रांका ने कहा कि वे एक स्वतंत्र प्रेशर ग्रुप हैं और देश की जनता व युवाओं की सुनते हैं।

पीस बॉन्ड भरकर सीजेपी ने अपने हाथ पैर बांध लिए हैं, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा हरगिज नहीं है, क्योंकि पार्टी अब भी कई जगहों पर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि कोच्चि और गोवा में हाल ही में सीजेपी मैदान में उतरी थी और दिवाली की वजह से यह एक सामान्य सा ब्रेक था।

दरअसल SIR के खिलाफ बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान करने के बाद अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास 10 अक्टूबर की सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। विमान के उतरते ही पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीनों नेताओं से एक साल तक शांति बनाए रखने और अच्छे व्यवहार के लिए 50 हजार रुपये का मुचलका और शपथ पत्र भरवाया गया, इसके बाद उन्हें रिहा किया गया। वहीं नेहा बोरा ने 16 अक्टूबर को मंडी हाउस में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने पर मजिस्ट्रेट के सामने बॉन्ड भरने से इनकार कर दिया था और आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस पीस बॉन्ड का इस्तेमाल लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए एक 'हथियार' की तरह कर रही है।