कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पत्रकारों के साथ एक वार्षिक रात्रिभोज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और कनाडाई राजनेताओं को रोस्ट करने के लिए हास्य कलाकारों की मदद ली। कार्नी ने शनिवार को कहा, "मैं आपातकालीन हास्य बटन दबा रहा हूं।" इसके बाद हास्य कलाकार मार्क मैकिनी प्रधानमंत्री की नकल करते हुए मंच पर आए और फिर मार्क क्रिच ने ट्रंप की भूमिका निभाई।
क्रिच ने ट्रंप के जोरदार हाथ मिलाने के खास अंदाज की नकल की और मंच पर कार्नी तथा मैकिनी से हाथ मिलाया। कार्यक्रम में ट्रंप के ओवल ऑफिस की सुनहरी सजावट का भी मजाक उड़ाया गया। कार्नी ने ओवल ऑफिस को नया रूप देने के लिए भी ट्रंप का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा, "यह एक मुश्किल कमरा है। मैं ओवल ऑफिस में जा चुका हूं। अकेले। इसके नए इंटीरियर डेकोरेटर के साथ।"
व्हाइट हाउस लौटने के बाद से ट्रंप ने ओवल ऑफिस को सुनहरी सजावट, सोने की परत वाली चीजों और तस्वीरों से भर दिया है। कनाडा में हर साल होने वाला पार्लियामेंट्री प्रेस गैलरी डिनर, वाशिंगटन के पालिटिकल रोस्ट जैसा ही एक आयोजन है, जहां नेता और पत्रकार हल्के फुल्के अंदाज में तंज कसते हैं।
