देहरादून: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की संलिप्तता की जांच तेज हो गई है। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और एक्ट्रेस उर्मिला सनावर की ओर से कथित वीआईपी का जिक्र किए जाने के बाद विवाद गहराया था। प्रदेशभर में प्रदर्शन और अंकिता के माता-पिता की मांग के बाद पुष्कर सिंह धामी सरकार ने मामला सीबीआई को सौंप दिया था। अब सीबीआई पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट कराने जा रही है, जिसके लिए वे गुजरात रवाना हुए हैं। पूर्व विधायक की मंजूरी के बाद यह प्रक्रिया तेज की गई है।
सोशल मीडिया पर सुरेश राठौर और एक्ट्रेस उर्मिला सनावर की कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हुई थी, जिसमें अंकिता भंडारी की हत्या मामले में भाजपा के एक सीनियर नेता का नाम लिए जाने का जिक्र था। मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई और कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाया। अंकिता के माता-पिता ने भी मामले को जोरदार तरीके से उठाया, जिसके बाद सरकार ने जांच सीबीआई को सौंपी। माता-पिता ने हाल में सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात कर मामले को तेजी से आगे बढ़ाने की मांग की थी।
सीबीआई ने गुजरात के गांधीनगर की लैब में सुरेश राठौर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने का निर्णय लिया है और इसके लिए स्थानीय अदालत से अनुमति ली गई है। 24 नवंबर को होने वाले इस टेस्ट के जरिए सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर की टेलिफोनिक बातचीत में जिस वीआईपी नेता का नाम सामने आया था, उस दावे की सच्चाई पता लगाने की कोशिश की जाएगी। सुरेश राठौर ने कहा कि जब भी सीबीआई या एसआईटी ने बुलाया, हमने सहयोग दिया है और 24 नवंबर को गांधीनगर लैब में अपना बयान दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि अंकिता उनकी बेटी के समान है और वे विटनेस के रूप में गवाही देने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थीं। 18 सितंबर 2022 को उनकी हत्या कर शव डैम में फेंका गया था, जो 24 सितंबर को बरामद हुआ था। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को मई 2025 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। दिसंबर 2025 में एक ऑडियो वायरल होने के बाद कथित वीआईपी का मामला फिर गरमाया हुआ है।
