एशिया पावर इंडेक्स 2026 की रिपोर्ट में भारत की मजबूत स्थिति को लेकर सियासत तेज हो गई है। लोवी इंस्टीट्यूट की इस रिपोर्ट में भारत को एशिया का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बताया गया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावी नेता। रिपोर्ट के अनुसार भारत का स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है।
भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के साथ गोल्डमैन सैक्स, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की हालिया रिपोर्टों का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान भारत को बदनाम करने के लिए सबसे खराब शब्दावली का इस्तेमाल करते हैं। प्रसाद ने कहा कि ये सभी रिपोर्टें ऑनलाइन उपलब्ध हैं, और राहुल गांधी से सवाल किया कि वे किस आधार पर कह रहे हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था का भविष्य अंधकारमय है और इसमें कोई विकास नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने परदादा जवाहरलाल नेहरू की सीख का भी पालन नहीं करते, जो कहते थे कि विदेश नीति पर सहमति होनी चाहिए, खासकर विदेश में।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत इंडेक्स में शीर्ष पांच देशों में अपनी जगह बनाए रखते हुए प्रभाव बढ़ाने वाला एकमात्र प्रमुख शक्ति वाला देश है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस का भविष्य तबाह हो सकता है, जबकि मोदी के नेतृत्व में भारत का भविष्य सुरक्षित, संरक्षित और समृद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठ की गूंज को वास्तविकता का सामना करना पड़ा है।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि भारत का 40.5 का स्कोर उसके बढ़ते रणनीतिक प्रभाव को दर्शाता है और यह उस देश की प्रगति को दिखाता है, जो वैश्विक स्तर पर अपनी पहुंच बढ़ा रहा है। पार्टी के राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े ने कहा कि दुनिया भारत के उत्थान के दशक को स्वीकार कर रही है, और जो लोग विदेशों में भारत को कमजोर बताते हैं, उन्हें दुनिया के आकलन को पढ़ना चाहिए।
