दरभंगा में पटना हाईकोर्ट की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने की पहल ने रफ्तार पकड़ ली है। दरभंगा एम्स के समीप खंडपीठ के लिए 25 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इस कदम से जिले के अधिवक्ताओं में खुशी है और उन्होंने मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी तथा सांसद डा. गोपालजी ठाकुर को साधुवाद दिया है।
अधिवक्ताओं का मानना है कि दरभंगा में खंडपीठ बनने से मिथिलांचल के लोगों को न्याय के लिए बार-बार पटना नहीं जाना पड़ेगा और समय व धन की बचत होगी। सांसद डा. गोपालजी ठाकुर ने मानसून सत्र के दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को ज्ञापन सौंपकर दरभंगा में स्थायी खंडपीठ व न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी थी। इसके बाद मंत्री मदन सहनी ने दरभंगा एम्स के पास हाईकोर्ट बेंच के लिए 25 एकड़ जमीन चिह्नित होने की जानकारी दी, जिससे मांग को नई गति मिली है।
वरीय अधिवक्ता बैद्यनाथ झा, जितेंद्र नारायण झा, अरुण कुमार चौधरी, वीरेंद्र कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार चौधरी, विजय नारायण चौधरी, रमणजी चौधरी और रतन कुमार झा बब्लू समेत अन्य अधिवक्ताओं ने आभार जताया है। उत्तर बिहार व मिथिला क्षेत्र की बड़ी आबादी को मुकदमों के लिए पटना जाना पड़ता है और लंबित मामलों का दबाव भी अधिक है। दरभंगा में एम्स व एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के विकास के बीच खंडपीठ बनने से गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों को न्याय तक आसान पहुंच मिलेगी और पटना हाईकोर्ट का कार्यभार भी कुछ कम हो सकता है। मुकदमों के निपटारे में तेजी आने के साथ लोगों के आने-जाने का खर्च भी बचेगा।
हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के लिए राज्य सरकार को बुनियादी ढांचे व खर्च के विवरण के साथ प्रस्ताव तैयार करना होता है, जिस पर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश व राज्यपाल की सहमति जरूरी होती है। जसवंत सिंह आयोग की सिफारिशों व सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के तहत दूरी, जनसंख्या, लंबित मामलों व सुविधाओं के आधार पर केंद्र सरकार विचार करती है। पूर्ण प्रस्ताव व सहमति मिलने में देरी, अन्य क्षेत्रों की दावेदारी और भवन व प्रशासनिक व्यवस्था जुटाने में लगने वाले समय के कारण यह मांग लंबे समय से चर्चा में रही है।
