विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कानपुर में 64 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें अहिरवां स्थित सिद्धार्थ पैलेस में 35 करोड़ रुपये और यशोदानगर स्थित अटूट बंधन गेस्ट हाउस में 29 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को देखते हुए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब केवल 90 दिन शेष हैं, इसलिए आपसी भेदभाव भुलाकर सबसे पहले मतदाता बढ़ाने के अभियान में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विश्वास के साथ काम करने और अति विश्वास में न रहने की सलाह दी।

महाना ने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि का दायित्व क्षेत्र का विकास, सुरक्षा, शिक्षा और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुराने राजनीतिक दौर पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले जनता अपने जनप्रतिनिधि से मिलने में डरती थी, लेकिन आज वह स्वयं जनता के बीच रहते हैं। उन्होंने कहा कि 36 वर्षों से जनता के साथ जो विश्वास का रिश्ता कायम है, उसी पर आगे भी काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में खंडवा से आई महाराजपुर की विस्तारक कंचन तन्मय, अनीता परमार, नंदू शुक्ला, संजय तिवारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।