विनायक दामोदर सावरकर के पौत्र सत्यकी सावरकर ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में स्वतंत्रता सेनानी के बारे में कथित तौर पर दिए गए बयानों को लेकर भेजा गया है। अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर के जरिए भेजे गए इस नोटिस में बिना शर्त माफी, स्पष्टीकरण और सुधार की मांग की गई है। आरोप है कि पुस्तक में सावरकर को गलत तरीके से पेश किया गया है।
नोटिस में पुस्तक के पृष्ठ 201 और 443 पर लिखी बातों पर आपत्ति जताई गई है। आरोप लगाया गया है कि ये बातें तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक रूप से भ्रामक और तोड़-मरोड़कर पेश की गई हैं, जिससे सावरकर की प्रतिष्ठा और विरासत को नुकसान पहुंचता है। नोटिस के मुताबिक, सत्यकी सावरकर ने हार्पर कॉलिन्स पब्लिशर्स इंडिया द्वारा कथित तौर पर 10 नवंबर को प्रकाशित इस पुस्तक को देखा, जिसमें की गई टिप्पणियों और लगाए गए आरोपों से उन्हें ठेस पहुंची।
पृष्ठ 201 पर कथित तौर पर यह कहा गया है कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी ब्रिटिश शासकों के हाथों हमले और जेल की सजा झेल रहे थे, तब सावरकर जैसे आरएसएस के वरिष्ठ विचारक अपने औपनिवेशिक आकाओं को दया याचिकाएं लिख रहे थे और उनके संगठन के सदस्य मुखबिर के तौर पर ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर रहे थे। नोटिस में कहा गया है कि ब्रिटिश शासन के दौरान सावरकर को लंबी कैद और भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिसमें अंडमान द्वीप समूह की सेलुलर जेल में बिताया समय भी शामिल है। आरोप है कि कैद के दौरान दी गई याचिकाओं का जिक्र उस समय की परिस्थितियों, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और अन्य घटनाओं को समझे बिना करना उनके जीवन और राजनीतिक संघर्ष की अधूरी और गलत तस्वीर पेश करता है।
पृष्ठ 443 पर दिए एक बयान पर भी आपत्ति जताई गई है। आरोप है कि इसमें सावरकर के राजनीतिक और वैचारिक दर्शन को भारत के ऐसे दृष्टिकोण के रूप में दिखाया गया है, जिसमें हिंदुओं को सर्वोच्च माना जाता है। नोटिस में कहा गया है कि यह व्याख्या उनके विचारों को बहुत सरलीकृत और गलत तरीके से पेश करती है और उनके लेखन, भाषणों तथा राजनीतिक दर्शन को सही ऐतिहासिक, बौद्धिक और राजनीतिक संदर्भ में समझने की जरूरत है। नोटिस के अनुसार, दोनों पृष्ठों की बातों को एक साथ पढ़ने पर सावरकर की गलत छवि बनती है, जिससे पाठकों के गुमराह होने की संभावना है। नोटिस में सोनिया गांधी से इसे प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर मांगों का पालन करने को कहा गया है। ऐसा न करने पर सत्यकी सावरकर सक्षम अदालत या प्राधिकरण के समक्ष उचित कानूनी कार्यवाही शुरू कर सकते हैं।
