असम में जन्मे सात हफ्ते के हाथी के बच्चे ‘राजा’ को इलाज के लिए हवाई मार्ग से जामनगर के वनतारा पहुंचाया गया है। अनंत अंबानी की पहल पर हुए इस एयरलिफ्ट से पहले वनतारा की टीम कई दिनों तक असम में उसका इलाज करती रही।
राजा का जन्म दो अक्टूबर को गोगामुख में हुआ था। जन्म के समय मां ने घबराहट में उसे लात मार दी थी, जिससे उसके पिछले दाएं पैर की जांघ की हड्डी टूटकर खिसक गई थी। वह खड़ा नहीं हो पा रहा था और उसे मां का दूध भी नहीं मिल रहा था। वनतारा की टीम आठ अक्टूबर को असम पहुंची और एक्सरे के बाद प्लास्टर चढ़ाया, घाव भरे तथा विशेष सहारे के जरिए मां के दूध का विकल्प दिया। टीम ने चौबीसों घंटे उसकी देखभाल की।
मां का दूध न मिलने और चल-फिर न पाने से राजा की हालत बिगड़ती गई। लगातार लूज मोशन से वह कमजोर पड़ता गया और क्लेबसिएला न्यूमोनिया बैक्टीरिया से संक्रमित हो गया। कई बार उसका ब्लड शुगर कम हुआ और लिवर पर दबाव बढ़ा। लगातार लेटे रहने के कारण उसके सिर पर भी गहरे घाव हो गए। एंटीबायोटिक, तरल पदार्थ और विटामिन से इलाज के बाद शरीर में थोड़ी जान आने पर शुक्रवार को उसे एयरलिफ्ट किया गया।
वनतारा के अस्पताल में अब हड्डी के विशेष इलाज और पोषण पर ध्यान दिया जाएगा। चोट की गंभीरता को देखते हुए राजा को जीवनभर चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत पड़ सकती है।
