मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 180 से ज्यादा लोग बीमार पड़े हैं। सभी प्रभावित लोगों को इंफाल के शिजा अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। मृतकों और मरीजों में ज्यादातर चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं। यह मामला पिछले दो-तीन दिनों में सामने आया है।
शिजा अस्पताल के एमडी डॉ. चेतन हुंडोंगबाम के मुताबिक, तीन मरीजों की हालत गंभीर थी और उन्हें डायलिसिस पर रखा गया है। अस्पताल में तैयार बिस्तर मरीजों से भर गए हैं, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग और दूसरे अस्पतालों से मदद मांगी गई है। मौतों और मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने जो शराब पी थी, वह काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी। जांच में पता चला है कि शराब में मेथनॉल मिलाया गया था। चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है, इसलिए आशंका है कि अन्य इलाकों से शराब लाकर यहां बेची गई थी। पुलिस शराब तस्करों की तलाश में जुटी है और इस मामले में अब तक करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
मणिपुर में शराबबंदी लागू है। 6 दिसंबर 2023 की सरकारी अधिसूचना के अनुसार ग्रेटर इम्फाल क्षेत्र, सभी जिलों के मुख्यालय, पर्यटन स्थलों और कम से कम 20 कमरों वाले पंजीकृत होटलों में शराबबंदी कानून वापस लिया गया था। इम्फाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट, थौबल और बिष्णुपुर में शराब बिक्री की अनुमति है। इससे पहले मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से 36 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो महीने पहले नगालैंड में जहरीली शराब पीने से दो दिन में 19 लोगों की मौत हुई थी।
