लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित अटल आवासीय विद्यालय सिठौली कला में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और 9 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। 20 नवंबर से ऑफलाइन और ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
अपर श्रमायुक्त लखनऊ क्षेत्र कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय में लखनऊ मंडल के छह जिलों लखनऊ, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव और हरदोई के पात्र बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। इनमें उत्तर प्रदेश भवन व अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत तीन वर्ष की सदस्यता अवधि पूरी कर चुके पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए बच्चों और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र बच्चों को भी प्रवेश का अवसर मिलेगा।
कक्षा 6 में कुल 140 सीटों पर प्रवेश होंगे, जिनमें 70 बालकों और 70 बालिकाओं के लिए निर्धारित हैं। कक्षा 9 में आठ सीटें केवल बालिकाओं के लिए उपलब्ध हैं। आवेदन पत्र संबंधित जिले के श्रम कार्यालय, जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और अटल आवासीय विद्यालय से निशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र सामान्य निर्देशों के साथ वेबसाइट Upbocw.in से भी डाउनलोड किए जा सकते हैं।
अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र तीन अतिरिक्त फोटो के साथ संबंधित जिले के श्रम विभाग कार्यालय में 5 जनवरी 2027 को शाम पांच बजे तक जमा करना होगा। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित की जाएगी।
