जिलाधिकारी मेधा रूपम की फटकार के बाद गौतमबुद्ध नगर में जनगणना के दूसरे चरण की स्व-गणना प्रक्रिया में तेजी आई है। बृहस्पतिवार तक जनपद में 1600 से अधिक लोगों ने अपनी ऑनलाइन गणना सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। बुधवार को डीएम ने स्व-गणना प्रक्रिया की समीक्षा बैठक की थी, जिसमें सभी जोन के चार्ज अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। बैठक में पोर्टल की तकनीकी दिक्कत और स्व-गणना की धीमी रफ्तार पर डीएम ने चार्ज अधिकारियों को फटकार लगाई थी।
तीन दिनों के आंकड़ों के अनुसार ग्रेटर नोएडा में सर्वाधिक 658 लोगों ने स्व-गणना की, जबकि नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में 572 लोगों की ऑनलाइन गणना दर्ज हुई। दादरी क्षेत्र तीसरे स्थान पर रहा, जहां 133 लोगों ने स्व-गणना पूरी की। जिला प्रशासन ने जनगणना का दूसरा चरण शत-प्रतिशत कराने के लिए जनपद को 12 जोन में बांटा है, जिसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को अलग रखा गया है। हर क्षेत्र में एक चार्ज अधिकारी तैनात किया गया है।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना कराई जा रही है। जिलाधिकारी की ओर से मतदाताओं को खुद से ऑनलाइन गणना करने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। जनपद में कुल 8000 प्रगणक हैं।
डीएम मेधा रूपम ने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण को समय से पूर्ण करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है और स्व-गणना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। बृहस्पतिवार सुबह तक 1629 स्व-गणना कराई जा चुकी है और निरंतर प्रगति कराने के निर्देश दिए गए हैं।
