कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदीप नरवाल, प्रो. प्रकाश सोनावणे और महबूब पाशा को बिहार का एआईसीसी सचिव नियुक्त किया है। पार्टी अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद केसी वेणुगोपाल ने नई नियुक्तियों की सूची जारी की। बिहार कांग्रेस के दो नेताओं अजय कुमार पासवान और गुंजन पटेल को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।
अजय कुमार पासवान को मध्य प्रदेश और गुंजन पटेल को पश्चिम बंगाल का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी ने इन सभी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया है। बिहार में नियुक्त तीनों एआईसीसी सचिव राज्य में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को देखेंगे।
इसके अलावा कई अन्य राज्यों के लिए भी एआईसीसी सचिवों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। नई नियुक्तियों की सूची कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी जारी की गई।
