अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच 23 नवंबर से साप्ताहिक विशेष रेल सेवा शुरू होने की तैयारी है। इस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के शामिल होने की संभावना है, हालांकि कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
करीब 604 किलोमीटर का सफर तय करने वाली यह ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी। प्रत्येक शनिवार को जनकपुर धाम और सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी। दोनों टर्मिनल स्टेशनों के अलावा जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में ठहराव होगा। इससे मिथिलांचल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
संत-महांतों और नागरिकों में इस पहल को लेकर उत्साह है। राम कचहरी के महांत शशिकांत दास ने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध केवल दो शहरों का नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम और माता सीता के पवित्र रिश्ते से जुड़ा है। यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी और दोनों देशों के धार्मिक व सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देगी। श्रीराम वल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास ने पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अयोध्या और नेपाल के बीच त्रेता युग से धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध हैं और रेल सेवा से यह रिश्ता और जीवंत होगा।
उल्लेखनीय है कि 14 दिसंबर को जनकपुर में विवाह पंचमी का आयोजन होना है। उससे पहले प्रभु श्रीराम का तिलक लेकर जनकपुर से तिलकहरू आएंगे। अयोध्या के कारसेवकपुरम से परंपरागत रूप से बरात जनकपुर जाती है। ऐसे में विवाह पंचमी से पहले रेल सेवा शुरू होने से रामायणकालीन सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी और रामायण सर्किट पर्यटन को भी बढ़ावा होगा। ट्रेन के शुभारंभ के साथ ही अयोध्या धाम जंक्शन पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यात्री सुविधा केंद्र का भी उद्घाटन प्रस्तावित है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आधुनिक यात्री सुविधाएं मिल सकेंगी।
