बगहा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक कोच अटेंडेंट संतुलन खोकर प्लेटफॉर्म पर गिर गए, जिससे वे घायल हो गए। घायल की पहचान अलीगढ़ निवासी 40 वर्षीय सतपाल सिंह के रूप में हुई है। उन्हें पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, लौकहा बाजार से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन संख्या 04013 बुधवार दोपहर करीब एक बजे बगहा स्टेशन पहुंची थी और यहां करीब 40 मिनट तक रुकी रही। इसी दौरान कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत सतपाल सिंह किसी कारणवश ट्रेन से नीचे उतर गए। निर्धारित ठहराव के बाद जब ट्रेन रवाना होने लगी, तब उन्होंने दोबारा ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि उस समय ट्रेन की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ रही थी। चलती गाड़ी में चढ़ने की कोशिश के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन परिसर में मौजूद मेडिकल टीम सक्रिय हो गई। डॉ. रणवीर सिंह, स्टाफ नर्स अविनाश कुमार समेत अन्य मेडिकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
