बस्ती जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को तीन स्थानों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन समारोहों में कुल 178 जोड़ों का विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह कराया गया। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सरकार द्वारा निर्धारित उपहार भेंट करते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की।
शांति मैरिज हाल शिवपुर में आयोजित समारोह में 60 जोड़ों का विवाह हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और वर-वधू पक्ष के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल है, जिससे गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक तरीके से संपन्न कराने में सहायता मिलती है। पूर्व विधायक रुधौली संजय प्रताप जायसवाल और प्रमुख प्रतिनिधि दुष्यंत सिंह ने भी समारोह को संबोधित किया।
ब्रदर्स पैलेस मैरिज हाल अरदा चौराहा पर रामनगर ब्लाक और भानपुर के 53 जोड़ों की शादी कराई गई। सीआरएस मैरिज हाल बेईली में बाहदुरपुर ब्लाक और नगर पंचायत नगर के 60 जोड़ों का विवाह समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। यहां मुख्य अतिथि विधायक दूधराम तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत बहादुरपुर प्रशासक प्रतिनिधि डॉ. शैलेंद्र दुबे, नगर पंचायत नगर बाजार अध्यक्ष के प्रतिनिधि राना दिनेश प्रताप सिंह, नोडल जिला कृषि अधिकारी बाबूराम मौर्य, एडीओ समाज कल्याण बहादुरपुर कुलदीप कुमार यादव और एडीओ कृषि दीनानाथ मिश्र ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
योजना के तहत शुक्रवार को विकासखंड रुधौली और नगर पंचायत रुधौली के जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह ब्रदर्स मैरेज हाल अरदा चौराहा पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी होंगे। वहीं कलश मैरिज हाल जिगिना चौराहा प्लास्टिक कांप्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में साऊंघाट ब्लाक और मुंडेरवा नगर पंचायत के जोड़ों की शादी कराई जाएगी।
