छठ पूजा के समापन के बाद भागलपुर जंक्शन पर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा कष्टप्रद हो गई। रेलवे के 'पहले आओ, सीट पाओ' सिस्टम के कारण विक्रमशिला एक्सप्रेस की जनरल बोगियों में सीट पाने के लिए शनिवार को 1300 से अधिक यात्रियों को बारिश में करीब छह घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ा।
शनिवार की सुबह पांच बजे से ही भागलपुर स्टेशन परिसर में यात्रियों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी। कतार में भागलपुर शहर के अलावा बांका, अमरपुर, रजौन, पीरपैंती और अजगैवीनाथ धाम सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग बड़ी संख्या में शामिल थे। देखते ही देखते कतार में 1300 से अधिक लोग जुट गए।
प्लेटफार्म संख्या एक पर विक्रमशिला एक्सप्रेस के लगते ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नंबरिंग सिस्टम से यात्रियों को ट्रेन की छह जनरल बोगियों में चढ़ाया गया। इन छह जनरल बोगियों में करीब 600 सीटें हैं, लेकिन पहले कतार से करीब 900 लोगों को चढ़ाया गया। इसके बाद लगभग 400 अन्य यात्री भी बोगियों में घुस गए। क्षमता से दोगुने से अधिक यात्री सवार होने के कारण जनरल बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची और मुसाफिर एक-दूसरे पर लदे नजर आए।
स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेल प्रशासन की ओर से बार-बार अनाउंसमेंट किया जा रहा था कि दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए ब्रह्मपुत्र मेल और न्यू फरक्का एक्सप्रेस कुछ ही मिनटों में पहुंचने वाली है। हालांकि, पिछले एक सप्ताह से अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से चल रही अप ब्रह्मपुत्र मेल शनिवार को भी पांच घंटे से अधिक देरी से भागलपुर पहुंची, जिस कारण इसमें कम यात्री सवार हुए। वहीं, प्लेटफार्म संख्या एक पर न्यू फरक्का एक्सप्रेस के खड़ी होते ही यात्रियों का रेला उमड़ पड़ा और इसकी जनरल बोगियां भी खचाखच भर गईं। इसके अतिरिक्त रामपुरहाट-गया पैसेंजर में भी चढ़ने के लिए भारी मारामारी की स्थिति बनी रही। भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि यात्री एक-दूसरे के ऊपर लदे हुए थे और बोगियों के मुख्य दरवाजे तक पूरी तरह जाम हो गए थे।
