प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और लाइव वेबकास्टिंग के जरिए देशभर की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, जिनमें भागलपुर जिले से जुड़ी ऊर्जा, उच्च शिक्षा तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी शामिल रहीं। इन योजनाओं से जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने, उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार और गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ने की उम्मीद है। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

ऊर्जा विभाग की सबसे बड़ी परियोजना पीरपैंती में प्रस्तावित 3×800 मेगावाट क्षमता वाले सुपर थर्मल पावर प्लांट से उत्पादित बिजली की निकासी के लिए संचरण आधारभूत संरचना का विकास है, जिस पर 3363.01 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके जरिए करीब 2400 मेगावाट बिजली बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाई जा सकेगी। करीब 26,500 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाले इस पावर प्लांट के निर्माण के दौरान लगभग 10 से 12 हजार रोजगार तथा करीब तीन हजार स्थायी रोजगार सृजित होने की संभावना है।

कहलगांव ग्रिड उपकेंद्र में 2.87 करोड़ रुपये की लागत से दो 33 केवी फीडर का निर्माण किया जाएगा। पहले फीडर से निर्माणाधीन 33 केवी राजगांव (बरमसिया) पावर सब-स्टेशन को जोड़ा जाएगा, जिससे लगभग 16 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा, जबकि दूसरे फीडर को पीरपैंती पावर सब-स्टेशन से वैकल्पिक विद्युत स्रोत के रूप में जोड़ा जाएगा, जिससे करीब 40 हजार उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से 3.71 करोड़ रुपये की लागत से नवगछिया के मदन अहल्या महिला महाविद्यालय में शैक्षणिक भवन (साइंस ब्लॉक) का निर्माण कराया गया है, जहां विद्यार्थियों के लिए आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं और कक्षाएं उपलब्ध होंगी।

नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से कहलगांव में इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजना पर 45.99 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके तहत छह एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है, जिससे शहर का गंदा पानी सीधे गंगा में गिरने से रोका जा सकेगा और वैज्ञानिक उपचार के बाद ही पानी प्रवाहित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद अजय कुमार मंडल, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, महापौर डॉ. बसुंधरा लाल और जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के तहत भागलपुर जिले को करीब 3400 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली है।