भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर युजवेंद्र चहल को भाजपा के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है। भाजपा ने शनिवार को मोर्चे के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्तियों की घोषणा की, जिनमें सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री, सात राष्ट्रीय सचिव और विभिन्न राज्यों से 37 राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। ये नियुक्तियां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई हैं और तत्काल प्रभाव से लागू हुई हैं।
1990 में जन्मे चहल भारतीय टीम के लेग-स्पिनर हैं और एकदिवसीय क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। क्रिकेट में पहचान बनाने से पहले वे शतरंज खिलाड़ी रहे हैं। उनके नाम T20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज होने का रिकॉर्ड दर्ज है।
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन साहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद माधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय सचिव के रूप में गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी वरदराजन, झारखंड के संजीव कुमार, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडगांची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू को नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश के राधेश्याम यादव राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष होंगे। दिल्ली के संजय कुमार गुर्जर राष्ट्रीय कार्यालय सचिव और दिल्ली के ही डॉ. अरुण यादव सह-कार्यालय सचिव बनाए गए हैं। बिहार के अजय गुप्ता को मीडिया समन्वयक, दिल्ली के परीक्षित डागर को इंटरनेट मीडिया समन्वयक और मध्य प्रदेश के प्रदीप माहौर सोनी को सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है। दिल्ली के प्रो. पंकज चौधरी नीति और अनुसंधान विंग के प्रमुख (समन्वयक) होंगे, जबकि ओडिशा के आशुतोष बेहरा और उत्तर प्रदेश के राहुल यादव सह-समन्वयक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
