दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के छठे मुकाबले में बांग्लादेश ए ने अफगानिस्तान ए को 1 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ बांग्लादेशी टीम ग्रुप ए की प्वाइंट्स टेबल में +0.630 नेट रनरेट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि श्रीलंका की टीम दोनों शुरुआती मैच जीतकर +1.982 नेट रनरेट के साथ शीर्ष पर बनी हुई है।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ए की टीम मुश्किल पिच पर 174 रन पर ढेर हो गई। इमरान मीर ने हसन ईसाखिल के साथ पहले विकेट के लिए 28 रन जोड़े। हसन 13 गेंदों में 3 बाउंड्री की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए और 36 के स्कोर पर इमरान मीर (19) भी पवेलियन लौट गए। फैसल शिनोजादा ने दरवेश रसूली के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी कर टीम को 66 तक पहुंचाया। रसूली ने 23 गेंदों में 3 चौकों के साथ 19 रन बनाए। इसके बाद कप्तान इकराम अलीखिल ने छोटी-छोटी साझेदारियों के दम पर टीम को 174 तक पहुंचाया। बहिर शाह (15) के साथ पांचवें विकेट के लिए 21 रन और नसीर खान मारूफखिल (17) के साथ आठवें विकेट के लिए 44 रन जुटाए। बांग्लादेश की ओर से रिपन मोंडोल ने 8 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि इकबाल हुसैन इमोन, एमडी रुबेल और सैफ हसन को 2-2 विकेट मिले।

जवाब में बांग्लादेश ए ने 45.5 ओवर में मुकाबला जीत लिया। टीम ने तीसरी गेंद पर कप्तान सैफ हसन (0) का विकेट गंवा दिया, जब खाता भी नहीं खुला था। शहादत हुसैन ने परवेज हुसैन इमोन के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। परवेज ने 27 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 33 रन बनाए। शहादत हुसैन (25) ने यासिर अली (20) के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 रन जुटाए। टीम ने 16.2 ओवर में 81 के स्कोर पर तीसरा और 83 के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवा दिया।

यहां से सैफुद्दीन ने शब्बीर रहमान (28) के साथ छठे विकेट के लिए 49 रन और रुबेल के साथ सातवें विकेट के लिए 26 रन जोड़कर टीम को 158 तक पहुंचाया। सैफुद्दीन (28) के आउट होने के बाद रुबेल (10) भी पवेलियन लौटे और 162 के स्कोर पर नौवां विकेट गिर गया। आखिरी जोड़ी के रूप में रिपन मोंडोल (नाबाद 5) ने इकबाल हुसैन (नाबाद 11) के साथ 14 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। अफगानिस्तान की ओर से नवीद जादरान ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि नसीर खान मारूफखिल और फरमानुल्लाह सफी को 1-1 विकेट मिला।