इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में बिहार ने दिल्ली को 2 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 5 विकेट पर 224 रन बनाए थे। वैभव सूर्यवंशी के बिना उतरी बिहार की टीम ने एक गेंद शेष रहते 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। तीन मैचों में यह बिहार की दूसरी जीत है, जबकि दिल्ली को पहली हार मिली है।

दिल्ली की टीम में सिमरजीत सिंह, दिग्वेश राठी और सुयश शर्मा जैसे आईपीएल गेंदबाज शामिल थे, लेकिन बिहार के बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही 96 रन ठोक दिए। सलामी बल्लेबाज आयुष लोहरुका ने 22 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। तीसरे नंबर पर उतरे बिपिन सौरभ ने 19 गेंदों पर 3 चौके और 5 छक्कों से 49 रन ठोके। मध्यक्रम बड़ा योगदान नहीं दे सका, लेकिन निचले क्रम ने टीम को जीत दिला दी। सातवें नंबर पर रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने 15 गेंदों पर 25 रन बनाए, जबकि 10वें नंबर पर मयंक कुमार ने 13 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। दिल्ली के लिए दिग्वेश राठी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए और टीम के सभी प्रमुख गेंदबाजों ने 9 से ज्यादा की इकोनॉमी से रन दिए।

दिल्ली के लिए कप्तान और सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य मैच की दूसरी ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए। तीसरे नंबर पर उतरे यश ढुल ने 59 गेंदों पर 212 की स्ट्राइक रेट से 125 रन की शतकीय पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। विकेटकीपर तेजस्वी दहिया ने 25 गेंदों पर 4 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। चौथे विकेट के लिए यश और तेजस्वी के बीच 47 गेंदों पर 126 रनों की साझेदारी हुई। बिहार के लिए रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।