भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति की। इसमें छत्तीसगढ़ के दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। साथ ही खम्हन ताम्रकार को मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने ललित चंद्राकर को बधाई दी है।

ललित चंद्राकर का जन्म 7 नवंबर 1974 को दुर्ग जिले के कोलिहापुरी गांव में हुआ। वह 1994 से बीजेपी में सक्रिय हैं और भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 2023 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव जीता और विधायक बने। उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है और वह छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष हैं।

2023 के विधानसभा चुनाव में ललित चंद्राकर ने कांग्रेस के दिग्गज नेता ताम्रध्वज साहू को हराया था। उन्हें 87,175 वोट मिले और उन्होंने ताम्रध्वज साहू को 16,642 वोटों के अंतर से पराजित किया। उस समय ताम्रध्वज साहू भूपेश बघेल सरकार में गृहमंत्री थे।

ललित चंद्राकर कुर्मी समुदाय से आते हैं, और छत्तीसगढ़ में कुर्मी वोटर्स की संख्या बड़ी मानी जाती है। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी ने जातिगत समीकरण साधने के लिए उन्हें यह जिम्मेदारी दी है। वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जिले से आते हैं। 2023 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनका मुख्य व्यवसाय कृषि, राईस मिल और दाल मिल है और उनके पास 13 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है।