अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत की अर्थव्यवस्था की तारीफ किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा नेता आशीष सूद ने कहा कि विपक्ष के नेता भारत की आर्थिक उन्नति को जानबूझकर नजरअंदाज कर रहे हैं।

शुक्रवार को ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ की तारीफ की थी। उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ऊंची ब्याज दरों की आलोचना करते हुए कहा था कि अगर कर्ज लेने की लागत कम हो, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था और तेजी से बढ़ेगी। ट्रंप के इस बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है।

भाजपा नेता आशीष सूद ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत की 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ को मान्यता दी है, जो भारत की बढ़ती वैश्विक साख को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जहां पूरी दुनिया भारत की आर्थिक ताकत को मान रही है, वहीं राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता इस पर आंखें मूंदे हुए हैं। गौरतलब है कि पिछली बार ट्रंप के तीखे बयान पर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को घेरा था, लेकिन इस बार तारीफ पर विपक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

भारत पिछले काफी समय से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं पर नजर रखने वाले संस्थानों के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था आने वाले समय में भी इसी रफ्तार से विकास करती रहेगी। हालांकि, विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए दो अंकों की ग्रोथ हासिल करनी होगी।