मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। रेल मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी दी कि 508 किलोमीटर लंबे इस हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम को चालू कर दिया गया है। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में दोनों दिशाओं की रेल लाइनें शामिल हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इस कदम से परियोजना को आगे के ट्रायल की दिशा में बढ़ाने में मदद मिलेगी। हालांकि, बिजली सप्लाई शुरू होने का मतलब यह नहीं है कि इस सेक्शन पर बुलेट ट्रेन का परिचालन भी शुरू हो जाएगा। इसके लिए अभी कई तकनीकी प्रक्रियाएं और ट्रायल पूरे किए जाने बाकी हैं।

मंत्रालय ने बताया कि पूरे कॉरिडोर में बिजली सप्लाई की व्यवस्था धीरे-धीरे शुरू की जाएगी। इसके लिए छोटे-छोटे हिस्सों में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम चालू किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया पर तकनीकी टीमों की कड़ी निगरानी रहेगी, ताकि सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों और तय प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित हो सके। मंत्रालय ने इस सेक्शन के आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए सार्वजनिक सुरक्षा एडवाइजरी भी जारी की है, जिसमें बिजली की ओवरहेड लाइनों और अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरणों के पास न जाने की सलाह दी गई है।

कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है, जैसा दुनिया के कई देशों में हाईस्पीड रेल नेटवर्क के लिए इस्तेमाल किया जाता है। पूरे 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए गए हैं, जो राष्ट्रीय बिजली ग्रिड से बिजली लेकर ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम तक पहुंचाएंगे। मंत्रालय के अनुसार, पूरे बिजली नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर से की जाएगी, ताकि सप्लाई सुरक्षित और भरोसेमंद बनी रहे। सूरत-बिलीमोरा सेक्शन करीब 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक है, जिसमें 4 नदियों पर बने पुल और नेशनल हाईवे-53 के ऊपर एक स्टील ब्रिज शामिल है। इस सेक्शन के वायाडक्ट पर करीब 94 हजार नॉइज बैरियर लगाए गए हैं।

इस बीच, परियोजना के परिचालन की समयसीमा में भी बदलाव किया गया है। रेल मंत्रालय ने हाल ही में सूरत से वापी के बीच 100 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने की समयसीमा अगस्त 2027 से बढ़ाकर 2027 की आखिरी तिमाही कर दी है। यानी अब इस हिस्से पर परिचालन अक्टूबर से दिसंबर 2027 के बीच शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।