बिहार के बक्सर जिले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर सोनपा गांव के पास हनुमान राय के डेरा के निकट एक तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर बेकाबू होकर पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव से बारात का काफिला चौसा यादव मोड़ होते हुए कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव जा रहा था। इसी दौरान हनुमान राय के डेरा गांव के पास कार का संतुलन बिगड़ गया। कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी और बाइक सवारों को बचाने की कोशिश में सीधे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में भतौरा गांव निवासी 30 वर्षीय बादल कुमार, 25 वर्षीय इरफान अंसारी और 20 वर्षीय अरबाज खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उतरौली गांव निवासी 34 वर्षीय अरुण कुमार को सदर अस्पताल बक्सर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार सौरी गांव निवासी 22 वर्षीय शुभम राय और शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। पीछे आ रहे बारातियों के वाहन वहीं रुक गए, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि घटना में चार लोगों की मौत हुई है और दो गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
