जनगणना-2027 के दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे। मुरादाबाद में एडीएम वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी ममता मालवीय ने पाठकों के सवालों का जवाब देते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के दौरान किसी प्रमाण-पत्र की आवश्यकता नहीं होती और लोकेशन भरना अनिवार्य है।

ममता मालवीय ने बताया कि एसई आइडी सुरक्षित रखना जरूरी है, अन्यथा पूरी मेहनत बेकार हो जाएगी और दोबारा जानकारी भरनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भरा गया ब्योरा पूरी तरह सुरक्षित है और आरटीआई में भी परिवार की जानकारी नहीं मांगी जा सकती। एक फोन नंबर से पूरे परिवार की स्व-गणना की जा सकती है, लेकिन परिवार के सदस्य के दूसरी जगह रहने पर अलग आइडी बनने पर दूसरे नंबर का प्रयोग होगा।

उन्होंने बताया कि वेबसाइट धीमी चलने या बीच में प्रक्रिया रुकने पर सेव एज ड्राफ्ट विकल्प का प्रयोग करें, जिससे प्रक्रिया उसी जगह से दोबारा शुरू की जा सके। फाइनल सबमिट से पहले फार्म में सुधार किया जा सकता है, लेकिन सबमिट के बाद सुधार प्रगणक के घर आने पर ही कराया जा सकता है। स्व-गणना करने से प्रगणक को केवल सेल्फ एन्यूमरेशन आइडी साझा करनी होगी, जिससे प्रक्रिया आसान हो जाएगी। ऑनलाइन जानकारी भरना जनगणना से छूट का विकल्प नहीं है, बल्कि इससे प्रगणक को विवरण के सत्यापन में आसानी होगी।

जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं आती, वे परेशान न हों; एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी लेंगे। खाली, बंद या बाहर रहने वाले मकानों का ब्योरा पहले चरण की हाउस लिस्टिंग में मौजूद है और प्रगणक संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करेंगे। रेलवे स्टेशन व अन्य जगहों पर रह रहे बेघर लोगों की गणना 4 जनवरी की शाम छह बजे से होगी। जनगणना हेल्पलाइन 1855 और वाट्सएप नंबर 18001801855 पर संपर्क किया जा सकता है।