आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव और चिंता होना आम बात है। कई लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर भी परेशान हो जाते हैं। कभी किसी की कही बात उन्हें दुखी कर देती है, तो कभी भविष्य की घटनाओं का डर मन में बैठ जाता है। ऐसे लोगों के लिए आचार्य चाणक्य की नीतियां उपयोगी साबित हो सकती हैं। उनकी सीख को जीवन में अपनाकर व्यक्ति अपनी सोच में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। यहां चाणक्य की ऐसी तीन नीतियों के बारे में बताया गया है, जो छोटी-छोटी बातों पर घबराने की आदत को कम करने में मदद कर सकती हैं।

चाणक्य नीति की एक महत्वपूर्ण सीख है कि व्यक्ति को अपना ध्यान कर्म पर लगाना चाहिए, न कि केवल परिणाम के बारे में सोचते रहना चाहिए। कई बार लोग काम शुरू करने से पहले ही उसके नतीजे के बारे में सोचकर परेशान होने लगते हैं। इस तरह की सोच आत्मविश्वास कम कर देती है और बिना कारण तनाव बढ़ने लगता है। भविष्य में क्या होगा, यह हमेशा व्यक्ति के हाथ में नहीं होता, लेकिन आज वह क्या कर सकता है, यह उसके नियंत्रण में होता है।

दूसरी सीख के अनुसार, समझदार व्यक्ति आने वाली मुश्किलों का अंदाजा लगाकर पहले से तैयारी करता है। मुसीबत आने के बाद घबराने के बजाय उसके संभावित समाधान के बारे में पहले से सोच लेना बेहतर होता है। उदाहरण के लिए, नौकरी करने वाले अपनी बचत का ध्यान रखें, जरूरी काम के लिए पहले से योजना बनाएं और परीक्षा की तैयारी समय रहते पूरी करें। छोटी-छोटी तैयारियां बड़ी परेशानियों से बचा सकती हैं और आत्मविश्वास बनाए रखती हैं।

तीसरी सीख यह मानी जाती है कि व्यक्ति को अपनी निजी बातें और कमजोरियां सोच-समझकर दूसरों के सामने रखनी चाहिए। जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति आपकी परेशानी समझे या मदद करे। कुछ लोग आपकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते, कुछ उसका मजाक बना सकते हैं और कुछ आपकी कमजोरियों का गलत फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि परेशानी किसी से साझा ही न करें। मन की बात किसी भरोसेमंद व्यक्ति से कहना कई बार जरूरी होता है। परिवार के सदस्य, अच्छे मित्र या जरूरत पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से बात करने से मन हल्का हो सकता है। ध्यान रखें कि निजी बातें उसी व्यक्ति से साझा करें, जिस पर भरोसा हो, और हर किसी की राय को अपने जीवन पर हावी न होने दें।

अस्वीकरण: जीवन में परेशानियां और चुनौतियां सभी के सामने आती हैं। लेकिन हर छोटी बात पर घबराना और भविष्य की चिंता में अपना वर्तमान खराब करना सही नहीं है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।